17/07/2026
लखनऊ: नर्सरी के मासूम से 12 मिनट तक मारपीट, परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के वृंदावन योजना स्थित ए.एल.एस. अकैडमी में नर्सरी के 5 वर्षीय छात्र के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि कक्षा की मॉनिटर छात्रा ने बच्चे के साथ करीब 12 मिनट तक लगातार मारपीट की। घटना के समय कक्षा में कोई शिक्षक मौजूद नहीं था और पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। आरोप है कि बच्चे के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पीड़ित परिवार ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, स्कूल प्रशासन का कहना है कि घटना के बाद संबंधित छात्रा को निष्कासित कर दिया गया है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही सभी तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।